सीएम सम्राट चौधरी ने की ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक, छतों पर सोलर प्लेट लगाने के लिए उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करेगी सरकार
मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने सोमवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प भवन में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में बिजली, सोलर ऊर्जा और उपभोक्ताओं को मिलने वाली योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
पटना: मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने सोमवार को 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प भवन में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में बिजली, सोलर ऊर्जा और उपभोक्ताओं को मिलने वाली योजनाओं की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
विभाग ने योजनाओं की दी जानकारी
बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव अजय यादव ने प्रस्तुतीकरण के जरिए विभाग के कामों और चल रही योजनाओं की जानकारी दी।इसमें प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना, बीपीएल परिवारों के लिए सोलर योजना, जीविका दीदियों के लिए प्रोत्साहन योजना और पीएम कुसुम योजना समेत कई योजनाओं की प्रगति बताई गई।
125 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिल रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही है।उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रही है। इसके तहत घरों पर सोलर पैनल लगाने की योजना चलाई जा रही है, ताकि लोग बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बन सकें और पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम हो।
हरित और स्वच्छ ऊर्जा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हरित और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है।इसके लिए बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सोलर ऊर्जा को अधिक से अधिक अपनाने पर काम किया जा रहा है।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां-जहां सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनका सही तरीके से रखरखाव किया जाए।
जीविका दीदियों को मिलेगा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।साथ ही गांवों में सोलर ऊर्जा के फायदे और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि ज्यादा लोग इसे अपनाएं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना पर तेजी लाने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा घरों को इस योजना से जोड़ा जाए और लोगों को अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित किया जाए।उन्होंने कुटीर ज्योति योजना के तहत 10 लाख उपभोक्ताओं के घरों में सोलर संयंत्र लगाने के लक्ष्य को भी जल्द पूरा करने को कहा।
कृषि फीडरों के सोलराइजेशन पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि फीडरों के सोलराइजेशन को बढ़ावा दिया जाए, ताकि खेती-किसानी के कामों में भी सौर ऊर्जा का अधिक इस्तेमाल हो सके।
dhananjaykumarroy